नारनौल। पुलिस महानिदेशक के आदेश पर चलाए गए रात्रि गश्त के तहत रात 10 बजे से लेकर सुबह 4 बजे तक नाके लगाकर वाहनों की जांच की गई। अभियान के दौरान सभी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने अपने-अपने इलाके में नाकेबंदी की। पुलिस ने होटल, धर्मशाला, सराय, ढाबों व अन्य ठहरने वाले स्थानों तथा बैंक, एटीएम की भी जांच की। इस दौरान नाकों से गुजरने वाले वाहनों व व्यक्तियों की भी तलाशी ली गई।
पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि जिले में 33 स्थानों पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच करने के अलावा 20 स्थानों पर पैदल गश्त की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 768 वाहनों को जांच की, जिनमें दोपहिया, चार पहिया, हल्के और भारी वाहन शामिल थे। यातायात नियमोें की अवहेलना करने पर 30 वाहनों के चालान काटे गए। इस दौरान आबकारी अधिनियम के तहत 3 मामले दर्ज हुए, जिनमें 19 बोतल देसी शराब और 105 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई।