महेंद्रगढ़। लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के संस्थापक एवं निवर्तमान सांसद राजकुमार सैनी की शनिवार रात को अचानक तबीयत खराब हो गई। वे गांव जोनावास बस स्टैंड पर लोगों को संबोधित कर रहे थे। तबीयत खराब होने पर उनको नारनौल के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दौरान उनकी रथ यात्रा स्थगित कर दी गई। बता दें लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के संस्थापक राजकुमार सैनी तीन-चार दिन से बीमार चल रहे थे। शनिवार की शाम को उनकी रथयात्रा महेंद्रगढ़ पहुंची। वे पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी राव रमेश पायलट के पक्ष में प्रचार कर रहे थे। रात लगभग आठ बजे उनका रथ महेंद्रगढ़ पहुंचा था। इसके बाद उनका रथ नांगल सिरोही के लिए निकल गया। रास्ते में गावं जोनावास बस स्टैंड पर कार्यकर्ताओं ने उनको रोक लिया था। वहां पर भाषण देते समय उनकी अचानक तबीयत खराब हो गई। इसी दौरान उनको गाड़ी में बैठाकर नारनौल के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां पर वे आधा घंटे भर्ती रहे। रात को सिंघाना रोड पर स्थित मिड-वे में आराम किया। उनका रथ लोकसभा प्रत्याशी रमेश पायलट नांगल सिरोही तक लेकर गए वहां पर उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद के कार्यक्रम रद्द कर दिए। रविवार सुबह उनकी रथ यात्रा नारनौल, अटेली और कनीना क्षेत्र में चुनाव प्रचार के लिए निकला।