नांगल चौधरी। सर्व हरियाणा ग्रामीण बैक के कर्मचारियों के चुनावी ट्रेनिंग पर जाने के कारण बैंक दोपहर एक बजे बंद हो गया। बैंक बंद होने के कारण किसानों व छात्र-छात्राओं को लेनदेन नहीं होने से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बैंक के सभी कर्मचारियों की चुनावों में ड्यूटी लगने के कारण आम लोगों में रोष बना हुआ है। दोपहर बाद बैंक के बंद होने के कारण किसान व जरूरतमंद लोग इधर-उधर भटकते हुए परेशान हो रहे थे। जानकारी के अनुसार सर्व हरियाणा ग्रामीण बैक की नांगल चौधरी ब्रांच में सात कर्मचारी कार्यरत है। बैंक में कार्यरत सभी कर्मचारियों की ड्यूटी चुनावों में लगा दी गई है। शुक्रवार को चुनावी डयूटी की ट्रेनिंग पर जाना था। जिसके लिए दोपहर एक बजे बैंक को बंद कर के सभी कर्मचारी ट्रेनिंग पर चले गए। बैंक के बंद होने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी किसानों को हुई। एक तरफ शादियों का सीजन है। वहीं दूसरी तरफ किसानों के अधिकतर खाते सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक में हैं। सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक के मैनेजर एनसी गोयल ने बताया कि बैंक में सात कर्मचारी कार्यरत है। सभी की ड्यूटी चुनावों में लगा दी गई है। शुक्रवार को ट्रेनिंग पर जाना था। सभी कर्मचारियों की ड्यूटी चुनावों में लगने के कारण बैंक को बंद कर के ट्रेनिंग पर जाना पड़ा। इस बारे में उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है।