विश्वकर्मा जयंती को लेकर हुई जांगिड़ समाज की बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। विश्वकर्मा जयंती आगामी 17 सितंबर को अनाज मंडी सोनीपत में राज्य स्तरीय समारोह होगा। समारोह को सफल बनाने के लिए जांगिड़ सभा नारनौल की बैठक शनिवार को राजेंद्र जांगिड़ की अध्यक्षता में लोकनिर्माण विश्राम गृह में हुई। इस मौके पर डॉ. आरके जांगड़ा ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार पिछड़ा वर्ग के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। पहली बार भगवान विश्वकर्मा जयंती राजकीय स्तर पर मनाई जा रही है। इस राज्यस्तरीय समारोह में जांगिड़ समाज द्वारा हरियाणा विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय की स्थापना करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का आभार व्यक्त किया जाएगा। बैठक में अध्यक्ष राजेंद्र जांगिड़ ने कहा कि जांगिड़ सभा के पदाधिकारी ज्यादा से ज्यादा संख्या में सोनीपत समारोह में पहुंचें। इस अवसर पर राजेंद्र जांगड़ा, रोहिताश जांगड़ा, फूलचंद जांगड़ा, हनुमान जांगड़ा, बंसीधर जांगड़ा, भागवत जांगड़ा, राजेश जांगड़ा, बलबीर जांगड़ा, सीताराम आदि उपस्थित थे।