नारनौल। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में प्रिंसिपल पवन भारद्वाज की अध्यक्षता में शनिवार को वीरांगना विषय पर कार्यक्रम हुआ। इसमें मुख्य वक्ता रूप में कप्तान जगराम आर्य उपस्थित थे। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता ने कहा कि नारी वीरांगना, पतिव्रता, सुशील, धार्मिक और विदुषी होती है। वह संतान धन्य है, जिनके माता-पिता धार्मिक और विदुषी हैं। उन्होंने कहा कि मां अपनी संतान को बढ़िया से बढ़िया संस्कार देकर जैसा चाहे वैसा बना सकती है। उन्होंने कहा कि शिक्षित महिला एक परिवार नहीं, अनेक परिवारों का सुधार करती है। उन्होंने कहा कि प्राचीनकाल में महिला युद्ध, विशारद और ऋषिकाएं होती थीं। आज भी प्रत्येक क्षेत्र में बढ़-चढ़कर कर भाग लेती हैं। उन्होंने कहा कि आज की महिलाएं पुरुषों से किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं।