शहर की समस्याओं के समाधान के लिए सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। शहर की मुख्य समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोगों ने सोमवार को स्थानीय विधायक ओमप्रकाश यादव को एक ज्ञापन सौंपा।
राम सिंह, ऋषि एडवोकेट, सुभाष एडवोकेट, कामरेड संजय, सतीश, मदन, कमल, अभिषेक, बिजेंद्र सिंह आदि ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि वर्तमान में शहर की सड़कों व सफाई की व्यवस्था काफी दयनीय हो रही है। जिसकी वजह से बारिश के मौसम में शहर का बहुत बुरा हाल हो जाता है। इसलिए शहर की सफाई व्यवस्था के साथ-साथ शहर की सड़कों का निर्माण करवाया जाए। इसके अलावा नारनौल के नागरिक अस्पताल के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों व सुविधाओं का इंतजाम किया जाए। कॉलेजों में सभी विषयों के पर्याप्त स्टाफ लगाया जाए। शहर के तालाब व जोहड़ों में बच्चों के डूबने का खतरा रहता है। इसलिए गोताखोरों की व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही शहर के प्रमुख चौराहे पर शहीद भगत सिंह की प्रतिमा की स्थापना की जाए तथा महेंद्रगढ़ शहर में शहीद चंद्रशेखर आजाद चौक का नाम बहाल किया जाए। विधायक ने लोगों की मांगों पर विचार-विर्मश कर समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करने आश्वासन दिया।