साधू सिंह बने बाबा जिंदा देव मेला कमेटी के प्रधान
अमर उजाला ब्यूरो
सिहमा। गांव भोजावास में भादो सूदी दोज को भरने वाले बाबा जिंदा देव के मेले को भरवाने के लिए ग्राम सभा की बैठक सरपंच मंजू बाला की अध्यक्षता में हुई। इसमें मेला सुचारु रूप से भरवाने के लिए विचार किया। साथ ही मेला कमेटी गठित की गई। सरपंच मंजू बाला ने बताया कि बाबा जिंदा देव का मेला क्षेत्र ही नहीं, अपितु दूसरे राज्यों में प्रसिद्ध है तथा वहां बाबा के मंदिर व मेले लगते हैं। मेले में श्रद्धालुओं को कोई परेशानी ना हो इसके लिए मेला कमेटी का गठन किया जाता है। सरपंच ने बताया कि प्रधान साधू सिंह दादा, कैलाश चन्द शर्मा गोमली उपप्रधान, एडवोकेट विनोद कुमार सचिव व कोषाध्यक्ष मदनलाल शर्मा को बनाया गया है। उन्होंने ग्राम सभा में आए लोगों से ग्राम पंचायत और मेला कमेटी को पूरा सहयोग मांगा, ताकि गांव में मेला शांतिपूर्वक संपन्न करवाया जा सके।