ठाकुर अतरलाल ने किया गांवों को दौरा
अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। प्रजा भलाई संगठन के सुप्रीमो और समाजसेवी ठाकुर अतरलाल एडवोकेट ने जिले के चेलावास, उन्हाणी, इसराणा, रामबास, ढाणा, भोजावास और भोड़ी गांव का दौरा कर ग्रामीणों से आगामी 12 जुलाई को मानपुरा गांव में आयोजित होने वाली किसान मजदूर महापंचायत में भाग लेने का आह्वान किया। गांवों में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अटेली हल्के के साथ राज्य सरकार विकास कार्यों, बिजली, नहरी पानी और रोजगार में भेदभाव कर रही है। सरकार की किसान मजदूर विरोधी नीतियों के कारण किसान आत्महत्याएं कर रहे हैं। दावा किया कि बिजली, नहरी पानी के लिए भी भेदभाव किया जा रहा है। कहा कि उत्तरी हरियाणा के जिलों में महीने में 24 दिन नहरी पानी चलता है। जबकि, दक्षिणी हरियाणा में महीने में मुश्किल से 10-12 दिन पानी आता है। रोजगार के लिए युवा भटक रहे हैं। उन्होंने आह्वान किया कि अब हक के लिए लड़ना होगा। इस अवसर पर नरेंद्र तंवर, कैलाष सेठ, सुबेदार विजयपाल सिंह, वेदप्रकाश शर्मा उपस्थित थे।