अमर उजाला ब्यूरो
निजामपुर। जम्मू कश्मीर के पुलवामा में आतंकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में हरियाणा के निकटवर्ती राजस्थान के गांव टीबा के हवलदार श्योराम गुर्जर शहीद हो गए थे। मंगलवार तड़के भारतीय वायु सेना द्वारा आतंकवादियों पर किए हमले के बाद परिवार के लोगों ने खुशी है। शहीद श्योराम गुर्जर के छोटे भाई रूपचंद भी भारतीय सेना में तैनात हैं। उन्होंने कहा कि आज उन्हें बहुत खुशी है कि मोदी सरकार ने मेरे बड़े भाई की शहादत का बदला पाकिस्तान में घुसकर आतंकवादियों के ठिकानों को तहस-नहस किया है। शहीद श्योराम गुर्जर के सबसे छोटे भाई रघुवीर ने कहा कि आज जब यह खबर सुनी कि पाकिस्तान के अंदर घुसकर भारत की वायु सेना ने जैश के आतंकियों के ठिकानों को उड़ाया है तब मुझे लगा कि भारत अब अपने देश के शहीद जवानों का बदला ले रहा है। उन्हें अपने भाई के शहीद होने पर गर्व है। शहीद श्योराम गुर्जर की वीरांगना सुनीता देवी ने कहा कि अपने पति की शहादत पर उन्हें गर्व है। आज आतंकी शिविरों पर भारतीय वायु सेना द्वारा किए हमले पर उन्होंने कहा कि मोदी सरकार और भारतीय वायु सेना का बहुत-बहुत धन्यवाद। शहीद श्योराम गुर्जर की मां शारली देवी ने कहा कि मेरा बेटा अपने परिवार को छोड़कर देश की रक्षा करते शहीद हो गया है। मुझे अपने बेटे की शहादत पर गर्व भी है और दुख इस बात का है कि आज वह हमारे साथ नहीं है। शहीद श्योराम गुर्जर के घर आज मंगलवार सुबह पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पहुंची और शहीद को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। परिजनों का ढांढस बंधाकर कहा कि केंद्र सरकार पूर्ण रूप से शहीदों के साथ है उनके बलिदान का बदला भारत सरकार जरूर लेगी।