पीड़ितों ने सरकार से लगाई आर्थिक मदद देने की गुहार
नारनौल। शहर के मोहल्ला प्राणपुरा में बुधवार दोपहर को गोदामों में लगी आग से पीड़ित व्यापारियों को करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हो गया। इसके लिए शहर के व्यापारियों ने शुक्रवार को एसडीएम जगदीश शर्मा को एक ज्ञापन सौंपकर पीड़ित व्यापारियों को सरकार से सहायता दिलवाने की मांग की। एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में व्यापारियों ने बताया कि आग लगने से दोनों व्यापारियों को लगभग 20 लाख का नुकसान हुआ है, जिससे उनका परिवार आर्थिक संकट में आ गए हैं। इस पर एसडीएम ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि वे इस मामले में शीघ्र से शीघ्र कार्रवाई कर पीड़ित व्यापारियों को सरकार से सहायता दिलवाने के प्रयास करेंगे। इस अवसर पर व्यापार मंडल से बजरंग लाल अग्रवाल, सुदर्शन बंसल, सीताराम सर्राफ, विकास अग्रवाल, प्रभातीलाल चौधरी, जय गोपाल, भारत भूषण, राजेश गोयल, लोकेश गोयल, घनश्याम, राधेश्याम, संदीप चौधरी, राजेश तायल, महेश शिमला वाले, शांति तायल, अजय गर्ग, सुभाष संघी, अशोक मित्तल आदि व्यापारी उपस्थित थे।