तेज अंधड़ के साथ शुक्रवार रात को आई बरसात के कारण आधे से अधिक शहर की बिजली व्यवस्था चरमरा गई। शहर के कई मोहल्लों में शनिवार शाम चार बजे तक बिजली गुल रही। शनिवार को भी दिन में बूंदाबांदी के साथ अंधड़ चलने से लोगों को परेशानी हुई। इससे फसलों को भी नुकसान हुआ है। निगम के कर्मचारी दिनभर फाल्ट ढूंढते रहे लेकिन शाम तक अधिकांश हिस्सों की बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं हो पायी थी। शुक्रवार रात से शनिवार शाम को करीब चार बजे तक करीब 15 घंटे बिजली नहीं आने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जिले में शनिवार को भी कई जगह बरसात हुई। शुक्रवार रात 11 बजे तेज आंधी के साथ बरसात आयी थी। इसके बाद रात को रुक रुककर कई जगह बरसात और अंधड़ आया। इस कारण जहां फसलों को नुकसान हुआ, वहीं रात को शहरी क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। रात करीब एक बजे अंधड़ और बरसात के कारण आधे से ज्यादा शहर की बिजली आपूर्ति करने वाली लाइन में फाल्ट आ गया। इसके बाद इस फीडर के अलावा शहर के अन्य हिस्सों की बिजली भी गुल हो गई। अन्य लाइनों में भी फाल्ट आने से आधे से ज्यादा शहर के लोगों को दिनभर बिजली के दर्शन नहीं हुए।
पहले बक्से में फिर ट्रांसफार्मर और लाइनों में आया फाल्ट
अंधड़ के कारण शुक्रवार रात को निजामपुर रोड के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित फीडर के बक्से में फाल्ट आ गया। इसको कर्मचारियों ने सुबह के समय ठीक किया। इसके बाद लाइनों में भी फाल्ट आ गया। इस कारण शुक्रवार रात एक बजे से शनिवार शाम चार बजे तक बिजली गुल रही।
दिनभर ढूंढते रहे फाल्ट, कर्मचारी रहे व्यस्त
बक्से में आया फाल्ट बिजली कर्मचारियों को जल्दी मिल गया, परंतु बाद में लाइनों में आया फाल्ट बिजली कर्मचारियों को जल्दी से नहीं मिला। लाइनों में फाल्ट न मिलने के कारण कर्मचारी पहले रविदास मंदिर के पास स्थित ट्रांसफार्मर पर पहुंचे। जहां पर फाल्ट ठीक किया मगर बिजली व्यवस्था सुचारु करने पर फ्यूज उड़ते रहे। इसके बाद बिजली कर्मचारी राधा-कृष्ण मंदिर के पास स्थित ट्रांसफार्मर और वहां से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को चेक करने लगे। वहां भी दोपहर एक बजे तक फाल्ट ठीक किया गया। इसके बाद दोपहर को दया नगर में लाइनों को चेक किया गया, जहां पर मिले फाल्ट को शाम तक ठीक किया गया।
दिनभर परेशान रहे लोग, इन्वर्टर भी फेल
शुक्रवार रात से बिजली व्यवस्था भंग होने के कारण लोग दिनभर परेशान रहे। विनय जिंदल, राजेश कुमार, दिनेश कुमार, सुशील कुमार, विजेंद्र यादव, सन्नी कुमार और अशोक कुमार ने बताया कि लाइट न आने के कारण परेशानी हुई। उन्होंने बताया कि अब गर्मी का मौसम शुरू हो गया है। ऐसे में पंखों की आवश्यकता है। पंखे पूरा दिन चले तो इन्वर्टर भी जवाब दे गए। इससे लोगों को काफी परेशानी हुई।
इन मोहल्लों की रही बिजली गुल
लाइनों में फाल्ट आने की वजह से सिटी सिक्स के अलावा आसपास के अन्य मोहल्लों की भी लाइट दिनभर गुल रही। इनमें रविदास मंदिर मार्ग, नई सराय, पुरानी सराय, मिराजी, दया नगर, मन्नू नगर, ईश्वर कॉलोनी, दशमेश नगर, पर्स मोहल्ला, मोहल्ला महल, मिश्रवाड़ा, निजामपुर रोड, सलामपुरा, पीरआगा, बड़ का कुआं, मोहल्ला चौधरियान, महता चौक, संघीवाड़ा, छोटा बड़ा तालाब और सब्जी मंडी के आसपास के क्षेत्र की बिजली बाधित रही।