मंडी अटेली। गुर्जरवास फीडर से जुड़े गांव उनींदा की ढाणी में लोहे के जर्जर पोल पर रखे दो ट्रांसफार्मर 17 मई को आई आंधी में गिर गये। विभाग ने अभी तक गिरे ट्रांसफार्मर को नहीं लगाया है। जिससे दस दिन से ढाणी के लोग अंधेरे में रात बीता रहे है। दस दिन से ट्रांसफार्मर न लगाने से लोगों के सामने पानी का जल संकट पैदा हो गया है। किसान छोटेलाल, प्रकाश, सतपाल, बुधराम, ओमप्रकाश, जगदीश, शेर सिंह, ऋषिपाल, बहादुर सिंह व धर्मपाल ने बताया कि दस दिन पहले अंधड़ से बिजली के पोल टूटने से ट्रांसफार्मर जमीन पर गिर गया था। जिससे ढाणी में बिजली आपूर्ति बंद हो गई थी। बिजली निगम के अधिकारियों को शिकायत करने के बाद आज तक विभाग का कोई भी कर्मचारी ठीक करने नहीं आया है। हालत यह हो गई है कि ढाणी में रहने वाले लोगों के लिए पानी का संकट पैदा हो गया है। सबसे अधिक परेशानी तो पशुओं को हो रही है। पशुओं को पानी पिलाने के लिए गांव में ले जाना पड़ता है। वहीं लोगों का गर्मी के मौसम में बिना बिजली के रहना दूभर हो रहा है। लोगों ने विभाग के अधिकारियों ने जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली बहाल करने की मांग की है।