पेयजल संकट से त्रस्त लोगों ने पावर हाउस पर जड़ा ताला
सप्ताहभर से खराब पड़ा है सतनाली में 13 नंबर बोरवेल, पेयजल के लिए तरसे लोग
फोटो संख्या:46
अमर उजाला ब्यूरो
सतनाली मंडी। सतनाली के ग्रामीणों ने बुधवार को जनस्वास्थ्य विभाग एवं बिजली निगम की कथित लापरवाही को लेकर132 केवीए पावर हाउस पर ताला लगा दिया और बिजली निगम से खराब बोरवैल के पास लगे ट्रांसफार्मर की जगह बदलने की मांग की। जिस कारण करीब आधे घंटे तक सिटी फीडर सहित 2 अन्य फीडरों की बिजली गुल रही। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जनस्वास्थ्य विभाग के बोरवैल नं. 13 से संबंधित जुड़े घरों में सप्ताहभर से पेयजल संकट गहरा रहा है। मोहल्ले की कृष्णा, सुमन, विद्या देवी, उमेद देवी, नानड़ी, शिलोचना, मीरा देवी, सुमित्रा देवी, बन्नो देवी, घोघड़ी देवी, द्रोपदी देवी, राकेश देवी सहित अनेक लोगों ने बताया कि उनके घरों में जनस्वास्थ्य विभाग के बोरवेल नं. 13 से पेयजल सप्लाई होती है जो पिछले करीब एक सप्ताह से खराब पड़ा है। उन्होंने बताया कि सप्ताहभर पूर्व बोरवेल की मोटर खराब हो गई थी जिसे ठीक करने के जब बोरवैल से पाईप निकाल रहे थे तो इसी दौरान अचानक पाईप हाईटेंशन तार से छू गया और इस हादसे में करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई थी जबकि दूसरा घायल हो गया जिसके कारण बोरवेल की मोटर बाहर नहीं निकाली जा सकी थी जिससे बोरवेल सप्ताहभर से खराब ही पड़ा है और पेयजल समस्या बनी हुई है। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद मोहल्लावासियों ने बोरवेल के पास लगे ट्रांसफार्मर को बोरवेल से दूर लगाने की मांग की थी लेकिन इस पर भी कोई संज्ञान नहीं लिया गया जिससे वे पेयजल के लिए दर-दर की ठोकरे खा रहे हैं लेकिन दोनों ही विभाग आंखें मूंद कर बैठे हैं और समस्या बरकरार है। तालाबंदी कर लोगों ने बोरवेल के पास लगे ट्रांसफार्मर को बोरवेल के पास से हटवाने की मांग करते हुए जल्द से जल्द बोरवेल को शुरू करवाने की मांग करते हुए 3 दिन का समय दिया था लेकिन घटना के 4 दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक ट्रांसफार्मर को वहां से नहीं हटवाया गया है जिससे उन्हें पेयजल समस्या का सामना करना पड़ रहा है। पावरहाउस पर तालाबंदी की सूचना पर बिजली निगम के एसडओ विजयपाल मौके पर पहुंचे और लोगों की बात सुनी और मौके का भी निरीक्षण किया तथा लोगों को समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन दिया। इस बारे में बिजली निगम के एक्सईएन जेपी दहिया ने बताया कि समस्या उनके संज्ञान में नहीं थी इसके बारे में अभी पता चला है और मौके एसडीओ को मौके पर भेजा है, मौका मुआयना करने के बाद ही आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी ताकि लोगों को पेयजल समस्या का सामना न करना पड़े।