अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। रिटायर्ड संघ हरियाणा के जिला प्रधान हवासिंह लांबा की अध्यक्षता में शिक्षामंत्री के नाम का मांग पत्र जयराम सदन पर उनके निजी सचिव सत्यवीर यादव को दिया गया। सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने सरकार की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने सातवें वेतन आयोग को सभी बोर्ड, नगरपालिका, विश्वविद्यालय, सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थाओं, सरकारी संस्थाओं के रिटायर्ड कर्मचारियों पर तुरंत लागू करने, 70-75 वर्ष से ऊपर के रिटायर्ड कर्मचारियों की पेंशन 29 मार्च 2017 को मुख्यमंत्री हरियाणा के साथ बनी सहमति अनुसार 20 से 25 प्रतिशत बढ़ाई जाने, मेडिकल भत्ता 3000 रुपये मासिक दिये जाने, रिटायरमेंट के बाद भी बिजली भत्ता, विकलांग भत्ता व शिक्षा भत्ता देने, फैमिली पेंशनरों को भी एलटीसी की सुविधा देने की मांग की। हरियाणा परिवहन की बसों में 10 सीट वरिष्ठ नागरिकों के लिए आरक्षित करने, वरिष्ठ नागरिकों के लिए वृद्ध आश्रम व शेल्टर हट बनाने की मांग सरकार से की है। इस अवसर पर ब्लाक प्रधान दीपचंद महेंद्रगढ़, ब्लाक प्रधान सुगनचंद कनीना, ब्रह्मदत्त आर्य, संतोष पीटीआई, ईश्वर सिंह यादव, विष्णुदत्त शर्मा, महाबीर, अमीर सिंह, धर्मचंद लांबा, मामन मास्टर, हवा सिंह सिवाच, महेंद्र सिंह यादव आदि उपस्थित थे।