पंचकूला से आए मुख्य इंजीनियर ने बिल्डिंग का किया निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
मंडी अटेली। अटेली में महिला कॉलेज की बन रहे दो मंजिला भवन निर्माण कार्य का शनिवार को हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के पंचकूला से आए मुख्य इंजीनियर ने निरीक्षण किया। 20 जुलाई 2016 से प्रारंभ इस बिल्डिंग का काम कॉर्पोरेशन ने बुलंद कंस्ट्रक्शन कंपनी को दिया था। कॉर्पोरेशन को जनवरी 2018 को कॉलेज प्रशासन को हैंडओवर करना है। कॉर्पोरेशन के चीफ इंजीनियर संजय महाजन ने कॉलेज की बिल्डिंग में पुस्तकालय, मल्टीपर्पज हाल, पार्किंग, लैब आदि का अवलोकन कर तय समय में काम पूरा करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि कॉलेज के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन तैयार किया जा रहा है। इस मौके पर कॉर्पोरेशन के एसई सतीश शर्मा, कार्यकारी अभियंता विकाश शर्मा, रमेश शर्मा, बुलंद निर्माण करने वाली कंपनी के मालिक संदीप कुमार सहित संबंधित अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।