बुजुर्गों से ज्यादा हो विकलांगों की पेंशन : प्रधान
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। विकलांग उत्थान समिति की एक मीटिंग शुक्रवार शाम को मोहल्ला प्राणपुरा में प्रधान मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में हुई। इसमें उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह दायमा मुख्य रूप से मौजूद थे। मीटिंग में विकलांगों के सामने आ रही समस्याओं के बारे में चर्चा की गई। समिति के प्रधान ने कहा कि विकलांगों को बुजुर्गों के समान पेंशन दी जाती है। जबकि, विकलांग तो जन्म से होता है। उनके पास अपनी आय के कोई साधन नहीं होते। विकलांगों के लिए न तो स्पेशल भर्ती निकाली गई हैं और न ही विकलांगों को डीसी रेट पर रखा जाता है। जिसे रखा भी गया है, उसे अभी तक पक्का नहीं किया गया है। सिविल अस्पताल में पिछले छह महीने से हड्डी का चिकित्सक नहीं होने के कारण विकलांगों का मेडिकल नहीं बन रहा। इससे विकलांगों को पेंशन बनवाने में परेशानी हो रही है। उन्होंने सरकार से विकलांग पेंशन को बढ़ाने, रोजगार के लायक विकलांग को रोजगार देने आदि मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। इस अवसर पर समिति के निहाल सिंह, संदीप, राम निवास, सोनू, दलीप सैनी, सूबेसिंह, अशोक सोनी, भैरू आदि उपस्थित थे।