नारनौल। सिहमा में एक सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के कर्मचारी के घर पर लाखों रुपये के आभूषण व नकदी चोरी हो गई। पुलिस शिकायत में सिहमा निवासी मनीष कुमार ने बताया कि वह सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया नूंह में कार्यरत है। वहीं उसकी पत्नी भी नूंह में ही नौकरी करती है। 17 मार्च को वह और उसके परिवार के सदस्य घर को बंद कर सोहना चले गए थे। वहां पर किराये के मकान में रहते हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने अपने मकान में से एक कमरा और रसोई सिहमा बिजली बोर्ड में तैनात जेई दिवानचंद को किराये पर दे रखी है। दिवानचंद जेई 28 मार्च को कमरा बंद करके अपने घर ऐलनाबाद चला गया था। जब शिकायतकर्ता की मम्मी 31 मार्च को सोहना से सिहमा आई तो घर के सभी ताले टूटे हुए थे। वहीं अलमारी का सामान बिखरा हुआ था। इसके बाद उसकी मम्मी ने उसे घटना की जानकारी दी। जब उन्होंने अपना सामान देखा तो सोने की एक चेन, तीन अंगूठी, कान व नाक का एक-एक सेट, एक कंठी सोने सहित अन्य सामान गायब मिला। इसके अलावा चोर 1.5 किलोग्राम चांदी और 85000 रुपये नकद चोरी कर ले गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।