अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय महेंद्रगढ़ के कौशल विकास, उद्यमिता एवं नवप्रवर्तन केंद्र (सीआईएसईडी) द्वारा 27और 28 जुलाई को विश्वविद्यालय सहित तीन जिलों के 120 विद्यार्थियों ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अंतरिक्ष उपयोग केंद्र, अहमदाबाद और साइंस सिटी का भ्रमण कर लौटे हैं। सीआईएसईडी के नवप्रवर्तक ऋषिपाल ने बताया कि इसरो में विद्यार्थियों को मंगलयान और अंतरिक्ष में सेटेलाइट, रॉकेट लांच करने के तकनीकों से भी अवगत कराया। पूर्व राष्ट्रपति व महान वैज्ञानिक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की टीम में कार्य करने वाले भरत भाई चिनयारा और डॉ. जयंत जोशी ने विद्यार्थियों को 2 घंटे के भाषण में अंतरिक्ष के बारे में बताया। 28 जुलाई को साइंस सिटी में ऑल इंडिया रामानुजन मैथ क्लब की ओर से आयोजित क्विज प्रतियोगिता में इस टीम के विद्यार्थियों ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक से सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय लौटने पर कार्यवाहक कुलपति और शैक्षणिक अधिष्ठाता प्रो. बीर सिंह, कुलसचिव राम दत्त तथा सीआईएसईडी के संयोजक प्रो. नवल किशोर ने सभी विद्यार्थियों को बधाई दी व उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।