अमर उजाला ब्यूरो
कनीना। कनीना क्षेत्र में बीते दो दिनों से जारी बारिश के कारण हालात खराब होते जा रहे हैं। दो दिनों में 29 एमएम बारिश दर्ज की गई है। बारिश के कारण मुख्य सड़क पर जमा पानी से सड़क पर गड्ढे बन गए हैं जो हादसों को दावत दे रहे हैं। दूसरी ओर बरसात से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें गहराती जा रही हैं। क्षेत्र में कपास व बाजरे की फसल पककर तैयार खड़ी है जिसका भंडारण शुरू हो चुका है। इस बीच लगातार 3 दिन तक मौसम खराब रहने और बारिश की संभावना के चलते जिला उपायुक्त डॉ. गरिमा मित्तल की ओर से जिले के सभी विभागाध्यक्षों को चेतावनी पत्र जारी किया गया है। सभी अधिकारियों को स्टेशन पर रहने को कहा गया है। अब होने वाली बरसात से लाभ कम और नुकसान अधिक होने की संभावना है। क्षेत्र के किसानों विनोद कुमार, अशोक कुमार, ओमप्रकाश, कृष्ण सिंह, राजसिंह, हनुमान सिंह, संतलाल, रणवीर सिंह ने कहा कि बारिश होने पर उनके खेतों में कटाई की गई बाजरे की फसल को अधिक नुकसान की संभावना बनी है। ईधर कृषि विभाग के विशेषज्ञ डॉ. देवेंद्र कुमार ने बताया कि अब होने वाली बरसात से फसलों में नुकसान की संभावना बढ़ती जा रही है। मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार अलर्ट जारी किया गया है।