सीएम ने दी जिले को बड़ी सौगात: ओमप्रकाश यादव
-200 बेड का अस्पताल बनाने की मांग वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। विधायक ओमप्रकाश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपने दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान हलके को जो परियोजनाएं दी हैं उनसे न केवल हलके के नागरिकों को बल्कि जिले के निवासियों को बड़ा फायदा होगा। विधायक ने जारी एक प्रेस बयान में कहा कि नारनौल अस्पताल को 200 बेड का अस्पताल बनाने की मांग वर्षों बाद पूरी हो पाई है। उन्होंने बताया कि जिले का एकमात्र आयुर्वेदिक कालेज जिले के गांव पटीकरा में खुला है। यह जिले के लिए बड़ी सौगात है। हमारी पुरानी चिकित्सा पद्धति से यहां इलाज होगा। इसके अलावा हलके के गांव मंढाणा व ढाणी बाठोठा में पशु औषधालय खोलने की घोषणा से आसपास के गांवों के पशुपालकों को राहत मिलेगी। इस जिले में खेती व पशुपालन की मुख्य व्यवसाय है। इस लिहाज से यह उनके लिए बड़ी सौगात है। वहीं नसीबपुर का स्कूल भी कई वर्षों से जर्जर था। अब मुख्यमंत्री ने इस स्कूल के नए भवन का निर्माण करने की घोषणा की है ताकि छात्रों को नजदीक ही अच्छे माहौल में शिक्षा लेने का मौका मिले।