चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर निकाली प्रभात फेरी
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। आल इंडिया डेमोक्रेटिक यूथ आर्गेनाइजेशन नारनौल इकाई ने चंद्रशेखर आजाद की 111वीं जयंती पर रविवार को शहर में प्रभात फेरी निकाली। यह प्रभात फेरी महता चौक से आरंभ हुई, जोकि शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए आजाद चौक तक पहुंची। इस दौरान चंद्रशेखर जिंदाबाद के अलावा शराब खोरी और नशाखोरी पर रोक लगाने, अश्लील प्रसारण पर रोक लगाने, सभी को शिक्षा, रोजगार और इलाज का प्रबंधक करने की मांग उठाई गई। नारनौल इकाई के प्रधान बिजेंद्र सिंह ने कहा कि शहीद चंद्रशेखर आजाद एक सुखी शोषणहीन समाज बनाना चाहते थे। इसमें मानव का मानव शोषण न करे, लोग भूखमरी, बेरोजगारी, अशिक्षा और इलाज की कमी से न मरें। वर्तमान सामाजिक परिप्रेक्ष्य में उनके विचार और ज्यादा प्रासंगिक हो गए हैं। डीवाईओ जिला महेंद्रगढ़ ने नगर पालिका महेंद्रगढ़ द्वारा आजाद चौक का नाम बदलकर परशुराम चौक किए जाने का कड़ा विरोध किया। साथ ही इसे तुरंत वापस लेने की मांग की। प्रभात फेरी में जिला संगठक सतीश कुमार, नारनौल सचिव मूलचंद, ऋषि एडवोकेट, संजय, दलसिंह, महावीर एडवोकेट मौजूद थे।