अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। खंड स्तरीय कला उत्सव प्रतियोगिता में राजकीय माध्यमिक विद्यालय नांगल हरनाथ के विद्यार्थियों ने सराहनीय प्रदर्शन कर स्कूल व क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर शनिवार को स्कूल में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सम्मान समारोह राजकीय माध्यमिक विद्यालय बचीनी के मुख्याध्यापक विजय सिंह मुख्य अतिथि थे। मुख्याध्यापक बिरेंद्र सिंह विशिष्ट अतिथि थे। विज्ञान अध्यापक सतन सिंह ने बताया कि राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल कनीना में खंड स्तरीय कला उत्सव प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। जिसमें कनीना खंड के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया। विभिन्न चार प्रतियोगिता में से नाटक, समूह गान तथा सामुहिक नृत्य में नांगल हरनाथ के विद्यार्थियों ने प्रथम तथा पेंटिंग प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त कर स्कूल का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थी मोनू, निशा, दिव्या, सरिता, पायल, साहिल, पायल, बस्तीराम, निशु, तमन्ना, पूनम, पायल, रेखा तथा रितू को मुख्य अतिथि ने प्रशस्ती पत्र प्रदान किया।