फोटो नंबर-09चुनाव तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक लेती डीसी मोनिका गुप्ता। स्त्रोत-प्रशास
नारनौल। जिला निर्वाचन अधिकारी और उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने मंगलवार को विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर सभी रिटर्निंग अधिकारियों व नोडल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसके बाद हरियाणा के मुख्य चुनाव अधिकारी पंकज अग्रवाल ने वीसी के जरिए चुनाव तैयारी की रिपोर्ट ली।
उपायुक्त ने कहा कि जिले में निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव करवाने के लिए सभी पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। अधिकारी हर लक्ष्य को समय से पहले ही पूरा करें, ताकि किसी भी प्रकार की कोई कमी न रहे। डीसी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश अनुसार घर पर मतदान के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए थे।
जिले में 1061 नागरिकों ने घर पर मतदान के लिए आवेदन किया था। इनमें 85 वर्ष से अधिक आयु के 787 और 274 दिव्यांग नागरिक शामिल हैं। अब तक जिला में घर पर मतदान के 1015 पोस्टल बैलेट आ चुके हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष नागरिकों के भी जल्द से जल्द वोट डलवाए जाएं।
उपायुक्त ने बताया कि 5 अक्तूबर को होने वाले मतदान के लिए अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि सभी मतदाताओं को बूथ लेवल अधिकारियों के माध्यम से वोटर स्लिप पहुंच जाए। उन्होंने बताया कि जिले में मतदान केंद्रों पर पहुंचने वाली पोलिंग पार्टियों के लिए 191 जीपीएस युक्त वाहनों की व्यवस्था की गई है। चुनाव के दौरान जिला में 67 सेक्टर ऑफिसर लगाए गए हैं। आठ रिजर्व में रखे गए हैं। इसी प्रकार 20 एफएसटी 12 एसएसटी तथा 12 वीएसटी दल लगातार चुनावी प्रक्रिया की निगरानी कर रही हैं। हर प्रत्याशी के चुनावी खर्च पर कड़ी निगरानी की जा रही है।
स्वीप एक्टिविटी के तहत जिले में नागरिकों को लगातार मतदान के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस बार लोगों को अपनी सेल्फी अपलोड करने पर ड्रा में शामिल करने का मौका दिया गया है। इसमें ढेरों पुरस्कार दिए जाएंगे। लोकसभा 2024 में जिले में 66.42 फीसदी मतदान हुआ था। इस बार प्रशासन का लक्ष्य है कि इसमें भारी बढ़ोतरी की जाए। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त वैशाली सिंह, महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के आरओ संजीव कुमार, नारनौल विधानसभा क्षेत्र के आरओ डाॅ. जितेंद्र सिंह, अटेली विधानसभा क्षेत्र के आरओ अमित कुमार, नांगल चौधरी विधानसभा क्षेत्र के आरओ रमित यादव, नगराधीश मंजीत सिंह, तहसीलदार चुनाव सुरेंद्र सिंह के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद थे।