मंगलवार को पुरुष सिपाही परीक्षा संपन्न हुई, जिसमें बाकी दोनों दिनों की तरह तीसरे दिन भी अभ्यर्थियों को काफी मुश्किल प्रश्न पत्र देखने को मिला। प्रश्नपत्र में हरियाणा सामान्य ज्ञान से मात्र एक प्रश्न पूछा गया था। विज्ञान से संबंधित काफी मुश्किल प्रश्न पूछे गए थे, जबकि रिजनिंग व मैथ के भी तकरीबन सभी प्रश्न मुश्किल ही थे। हरियाणा सामान्य ज्ञान से मात्र एक प्रश्न यह पूछा गया था कि एनडीआरआई का मतलब क्या है। थानेसर, पिहोवा व शाहबाद में कुल 60 सेंटर बनाए गए जिनपर 33200 अभ्यर्थियों में से 13828 ने परीक्षा दी, जबकि 19373 गैर हाजिर रहे। सुबह के सत्र में कुल 16600 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी, जिनमें से 6723 अभ्यर्थियों ने ही परीक्षा दी व 9877 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार शाम के सत्र में 16600 में से 7105 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी व 9495 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा प्रबंध के लिए उपायुक्त मुकुल कुमार व पुलिस अधीक्षक धीरज कुमार सेतिया ने परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया व शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न कराई। उपायुक्त ने सभी सेंटरों में अधिकारियों की हाजिरी को जांचा और नियमानुसार सेंटरों में व्यवस्था का निरीक्षण किया।