कुरुक्षेत्र। सीआईए-एक ने 250 ग्राम अफीम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी हरिओम उर्फ बाबू निवासी नवदिया जिला बरेली यूपी बस के जरिए कुरुक्षेत्र अफीम लेकर आया था। आरोपी पिपली चौक के पास भागने की फिराक में किसी वाहन का इंतजार कर रहा था, जिसे टीम ने गुप्त सूचना पर दबोच लिया। सीआईए-एक के प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि उनकी टीम एनएच-44 पर ईशरगढ़ फ्लाईओवर के पास गश्त कर रही थी तभी टीम को गुप्त सूचना मिली कि हरिओम अफीम लेकर पिपली चौक से थोड़ा आगे करनाल साइड में अफीम लेकर किसी वाहन के इंतजार में खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 250 ग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना सदर थानेसर में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। अदालत के आदेश से आरोपी को पांच दिन के रिमांड पर लिया है।