Youth dies under suspicious circumstances in Tanzania hotel, family members allege murder
- फोटो : Kurukshetra
पिहोवा। तंजानिया में रह रहे शहर के एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक की शिनाख्त सनजोत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक की बुआ शरणदीप कौर की शिकायत पर दो एजेंट के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शरणदीप कौर ने बताया कि उसका भतीजा सनजोत सिंह अमेरिका जाना चाहता था। सनजोत ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि एजेंट के साथियों ने उसकी हत्या कर शव को पंखे से लटकाया है। वहां से आई फोटो में उसके भतीजे सनजोत सिंह के पांव जमीन पर लगे हुए हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि करीब छह माह पहले एजेंट राजपाल ने उसके भतीजे सनजोत को अमेरिका भेजने की बात कही थी। तब सनजोत को कीनिया भेज दिया था, लेकिन इसके बाद राजपाल ने उसके भतीजे को अमेरिका भेजने में असमर्थता जताई। इसके पश्चात पंजाब के बरनाला निवासी एजेंट संजय सैनी ने सनजोत को कीनिया और अमेरिका भेजने की बात कही। करीब तीन माह पहले सनजोत को कीनिया से तंजानिया भेज दिया था, लेकिन इसके बाद भी उसे अमेरिका नहीं भेजा गया।
डीएसपी गुरमेल सिंह ने बताया कि मानसिक रूप से परेशान सनजोत सिंह द्वारा 12 अप्रैल को तंजानिया स्थित एक होटल में आत्महत्या करने की सूचना उन्हें मिली है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एजेंट राजपाल पिहोवा व संजय सैनी बरनाला पंजाब के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।