कुरुक्षेत्र। करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। युवक खेत में बने कोठे में बल्ब का तार लगा रहा था। मृतक की शिनाख्त सुशील कुमार (35) निवासी खिरजपुरा के रूप में हुई। सुशील गांव के ही एक व्यक्ति के पास खेत में नौकरी करता था।
जानकारी के मुताबिक धान के सीजन के चलते सुशील सुबह करीब पांच बजे खेत में गया था। यहां खेत में बने कोठे में वह बल्ब का तार लगाने लगा। इसी दौरान उसे करंट लग गया और वह जमीन पर गिर गया। आसपास के लोगों ने मामले की सूचना उसके परिजनों और खेत के मालिक को दी। वे तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने खेत के मालिक चंद्र शेखर के बयान पर इत्तेफाकिया रपट दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया। संवाद