नेशनल हाईवे-44 पर गांव खानपुर कोलियां के पास ट्रक के नीचे कार घुसने से कार सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि चालक सहित दो लोग जख्मी हो गए। राहगीरों ने घायलों को अस्पताल में भरती कराया। पुलिस ने दोस्त की शिकायत पर केस दर्ज करके शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।
अंबाला शहर निवासी नितिश ने थाना सदर थानेसर को दी शिकायत में बताया कि रविवार को वह कार में दोस्त राकेश और सन्नी निवासी अंबाला शहर के साथ पिपली में निजी काम से आया था। यहां से काम निपटाने के बाद रात करीब 12 बजे वे तीनों कार में पिपली से अंबाला के लिए चले थे। कार उसका दोस्त दोस्त राकेश चला रहा था। उसका दूसरा दोस्त सन्नी चालक की बगल में और वह कार की पिछली सीट पर बैठा हुआ था। रास्ते में गांव खानपुर कोलियां के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक चालक ने उनकी कार को बाईं साइड से ओवरटेक करते हुए ट्रक को उनकी कार की तरफ मोड़ दिया। इससे उनकी कार ट्रक के दोनों पहियों के बीच में फंस गई। इसमें राकेश व सन्नी को गहरी और उसे गुम चोटें लगी। डायल-112 टीम ने राहगीरों की मदद से उन्हें कार से बाहर निकाला और सरकारी अस्पताल दाखिल कराया। अधिक चोटें लगने के कारण उसके दोस्त सन्नी की मौत हो गई।