कुरुक्षेत्र। जीटी रोड पर खानपुर कोलियां के नजदीक सड़क क्रॉस कर रहे व्यक्ति की वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त कुमार मुर्मू 40 निवासी कोआकोल डुमरिया घाट जिला पूर्णिया बिहार हाल निवासी मसाना के रूप में हुई। कुमार गांव में ही घी की फैक्टरी में काम करता था।
थाना सदर थानेसर में दर्ज शिकायत में सुशील कुमार हाल निवासी मसाना ने बताया कि उसका चाचा कुमार मुर्मू अपने निजी काम से खानपुर कालियां में आया था। काम निपटाकर मंगलवार रात को ही वापस घी की फैक्टरी में पैदल जा रहा था। जैसे ही वह गांव के सामने से जीटी रोड को पार कर रहा था तभी शाहाबाद की ओर से वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। उसके चाचा की अस्पताल में मौत हो गई। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।