शाहाबाद। मारकंडा नदी पुल के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। राहगीरों द्वारा सूचना देने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त करवाने का प्रयास किया, लेकिन देर रात तक कोई पता नहीं चल पाया। स्थानीय पुलिस ने हादसे की सूचना राजकीय रेलवे पुलिस कुरुक्षेत्र को दी। सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि रविवार देर शाम मारकंडा नदी पुल के पास जलेबी पुल के नीचे नलवी रोड पुराने फाटक पर करीब 20 वर्षीय युवक अमृतसर से दिल्ली की ओर जा रही साबरमती ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में युवक की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के कारण ट्रेन भी कुछ समय के लिए यहां खड़ी रही। चालक ने घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को दी। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर ओम प्रकाश ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के लिए पोस्टमार्टम हाउस में रखा है। युवक की जेब से एक पर्ची भी मिली, जिस पर कुछ मोबाइल नंबर मिले, लेकिन इन पर भी संपर्क नहीं हो सका। मृतक ने स्टाइल लिखी हरी टी शर्ट व लोअर पहना हुआ है। संवाद