कुरुक्षेत्र। सीआईए-एक ने नए बस अड्डे के सामने से एक युवक को देसी कट्टे और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी दीपक निवासी खांडा जिला सोनीपत हाल निवासी आकाश नगर सलारपुर रोड थानेसर के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। पुलिस टीम उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
सीआईए-एक के प्रभारी मलकीत सिंह ने बताया कि उनकी टीम नए बस अड्डे के पास गश्त कर रही थी। तभी टीम को सूचना मिली कि दीपक के पास देसी कट्टा व कारतूस है। अभी दीपक बस अड्डे के सामने एक मॉल के पास किसी का इंतजार कर रहा है। प्राप्त सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक युवक टीम को देखकर वापस मुड़कर मॉल में जाने लगा। शक होने पर टीम ने उसे काबू कर पूछताछ की, फिर उसकी तलाशी ली। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से देसी कट्टा बरामद हुआ, जिसमें एक कारतूस भी भरा हुआ था। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। संवाद