कुरुक्षेत्र। सरकारी कर्मी और उसके पिता के साथ मारपीट करने और सरकारी ड्यूटी में बाधा पहुंचाने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को नामजद किया है। दोनों पक्षों के बीच पारिवारिक जायदाद को लेकर विवाद चल रहा है। थाना शहर में दर्ज शिकायत में सौरभ निवासी कुरुक्षेत्र ने बताया कि वह उपायुक्त कार्यालय की पीएलए शाखा में सहायक के पद पर कार्यरत है। पिछले काफी समय से उनका पुश्तैनी जायदाद को लेकर पारिवारिक विवाद चल रहा है। इस कारण अक्षय, सम्मी व विजय उनके साथ रंजिश रखते हैं।
बुधवार को वह अपनी ड्यूटी पर था। सुबह करीब पौने 12 बजे अक्षय उसके कार्यालय में घुस आया और उसे नौकरी से निकलवाने की धमकियां देने लगा। उसने डरकर अपने पिता को कॉल करके मौके पर बुला लिया। उसके पिता कार्यालय आए तो आरोपी तैश में आ गया और उसके साथ मारपीट करने लगा। आरोपी ने उसके सरकारी काम में बाधा पहुंचाई। उसके पिता ने उसे छुड़ाने का प्रयास किया तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी, जिसमें उसके पिता का चश्मा टूट गया। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।