पिहोवा। नेशनल-हाईवे 152 पर भेरियां गांव के निकट कार की टक्कर लगने से सड़क क्रॉस कर रहे युवक की मौत हो गई। कार चालक युवक को सड़क पर काफी दूर तक घसीटते हुए ले गया। मृतक की शिनाख्त सोहन लाल 22 निवासी सपन खेड़ी जिला कैथल के रूप में हुई है।
थाना सदर पिहोवा में दर्ज शिकायत में प्रवीण कुमार निवासी सपन खेड़ी ने बताया कि वह और उसका भाई सोहन लाल अपने दोस्त शुभम निवासी कैथल के साथ शुक्रवार रात को गाड़ी में खल लोड करके पिंजौर जिला पंचकूला उतारने के लिए चले थे। रात करीब 10 बजे रात वह लोग भेरियां गांव के बस अड्डे के पास कुछ खाने-पीने के लिए रुके थे। भेरियां कॉलेज की तरफ लगी रेहड़ी पर बर्गर खाने के बाद वह गाड़ी के पास लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क क्रॉस करते हुए एक कार चालक ने उसके भाई सोहन लाल को टक्कर मार दी। आरोपी कार चालक काफी दूर तक उसे घसीटते हुए ले गया। उन्होंने सोहन लाल को संभाला और गाड़ी से पिहोवा के निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रेफर कर दिया। शनिवार सुबह इलाज के दौरान पीजीआई चंडीगढ़ में उसके भाई ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शिकायत पर कार नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।