पिहोवा। अंबाला-हिसार रोड पर भट्ट माजरा गांव के निकट कार की टक्कर लगने से बाइक सवार बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा जख्मी हो गया। मृतक की शिनाख्त 61 वर्षीय पताशो देवी निवासी मलिकपुर के रूप में हुई। थाना सदर पिहोवा में दर्ज शिकायत में प्रवीण 26 कुमार ने बताया कि वह फर्नीचर का काम करता है। वह अपनी माता पताशो देवी के साथ बाइक पर अस्पताल में दाखिल अपने भतीजे से मिलने आया था। उससे मिलने के बाद रात करीब सवा आठ बजे बाइक पर माता के साथ घर लौट रहा था। कुछ देर बाद भट्ट माजरा के पास पहुंचे तो तेज रफ्तार से आई कार ने उसकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह दोनों बाइक समेत सड़क पर गिरकर जख्मी हो गए और वह बेहोश हो गया था। सुबह उसे होश आया तो पता चला कि टक्कर लगने से उसकी माता की मौत हो गई। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।