कुरुक्षेत्र। गांधी नगर में एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की शिनाख्त 35 वर्षीय रीना के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेजर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक गांधी नगर के रहने वाले विक्रम ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी पत्नी 35 वर्षीय रीना ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। अभी घटना के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि रीना की करीब 15 साल पहले विक्रम के साथ शादी हुई थी। शादी से उसके पास दो बच्चे हैं। पुलिस ने स्थल का गहनता से मुआयना किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं जांच अधिकारी एएसआई जुगल किशोर ने बताया कि मामले में किसी प्रकार की कोई आरोप नहीं है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल में रख दिया है। आज बुधवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। महिला के मायका पक्ष को भी सूचना दी गई है। परिजनों के बयान के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
अज्ञात वाहन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत, शिनाख्त नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। पिपली-कुरुक्षेत्र मार्ग पर राजेंद्र नगर कॉलोनी के समीप वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना कृष्णा गेट में दर्ज शिकायत में हंसबीर निवासी न्यू लक्ष्मण कॉलोनी ने बताया कि वह रात करीब 11 बजे अपनी बाइक से ड्यूटी पर जा रहा था। पिपली-कुरुक्षेत्र मार्ग पर कुटिया अस्पताल वाली गली में मुड़ा तो उसी समय एक व्यक्ति घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा था। वह बोल नहीं पा रहा था। उसने एंबुलेंस को बुलाया और राहगीरों की मदद से उसे एलएनजेपी अस्पताल में पहुंचाया। सुबह एलएनजेपी अस्पताल में जाकर पता किया तो उस व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।