जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भ्रूण लिंग जांच मामले का भंडाफोड़ करते हुए एक महिला दलाल को काबू किया है। सारा मामला अंबाला से जुड़ा हुआ है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार महिला डिकोये की दलाल के साथ 30 हजार रुपये मेें डील हुई थी। महिला दलाल ने डिकॉय को भ्रूण लिंग जांच के लिए अंबाला रेलवे स्टेशन पर बुलाया। जब डिकॉय अंबाला रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो दलाल महिला उसे सीधे रास्ते ले जाने के बजाए उसे गलियों से घुमाते हुए ई-रिक्शा करके अंबाला के चौड़ा बाजार में एक रजिस्टर्ड सेंटर पर ले गई थी। जहां पर एफ फॉर्म भरने के साथ-साथ पंजीकरण रजिस्टर में भी उसका नाम दर्ज करके अल्ट्रासाउंड की रसीद काट कर दी गई। डिकोये अल्ट्रासाउंड करा कर जैसे ही बाहर निकली महिला दलाल ने उसे बेटा होने की पुष्टि की बात कही। इसकी सूचना डिकोये ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को दी। इशारा पाकर टीम ने महिला को मौके पर ही काबू लिया। टीम ने महिला दलाल से चिह्नित साढ़े 18 हजार रुपये भी बरामद कर लिए गए हैं। पूछताछ में दलाल सरोज ने बताया कि रिसेप्शनिस्ट ने उसे यह जानकारी दी है। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने के लिए रिसेप्शन से भी पूछताछ कर रही है। हालांकि पंजीकरण अल्ट्रासाउंड केंद्र पर किसी तरह की कमी नहीं मिली है। डिप्टी सिविल सर्जन डॉक्टर आरके सहाय ने बताया कि सिविल सर्जन डॉक्टर सुखबीर को यह सूचना मिली थी जिसके बाद उनके निर्देशन में डॉ. गौरव, डॉ. ऋषि मनोज, नरेश व राजीव की टीम बनाकर डिकोये को दलाल के संपर्क में भेजा था। तब उनके बीच भ्रूण लिंग जांच के लिए 30 हजार रुपये में डील हुई थी। विभाग की ओर से महिला के खिलाफ अंबाला कैंट थाना में शिकायत की गई है। खबर लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच कर रही थी। बता दें पिछले सप्ताह भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इस्माईलाबाद के पास से एक भ्रूण लिंग जांच करने के आरोपी को काबू किया था, जो कि गाड़ी में ही जांच करता था।