शाहाबाद। एक महीना पहले 4.600 किलो अफीम के साथ पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला वासी लक्की कॉलोनी शाहाबाद की गिरफ्तारी पर एक हजार रुपये का इनाम घोषित था। अब तक इस मामले में पुलिस उक्त महिला समेत तीन आरोपियों को पकड़ चुकी है।
पुलिस प्रवक्ता नरेश सागवाल ने बताया कि सीआईए-दो की टीम 11 मई को एनएच-44 पर रतनगढ़ फ्लाईओवर पर गश्त कर रही थी। टीम ने गुप्त सूचना पर एनएच-44 पर नाकाबंदी कर हिमांशु उर्फ हेमंत उर्फ हिम्मत निवासी खेड़ा जिला करनाल को काबू किया था।
तलाशी लेने पर उसके कब्जा से चार किलो 600 ग्राम अफीम बरामद हुई थी। आरोपी के खिलाफ थाना शाहाबाद में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार करके अदालत के आदेश से 10 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। मामले में आगामी कार्रवाई करते हुए 16 मई को नशीला पदार्थ सप्लाई करने के आरोपी अशरफ शाह निवासी अलीगढ़ जिला बरेली यूपी को गिरफ्तार किया था।
आरोपी से वारदात में इस्तेमाल कार बरामद हुई थी। अब आगामी कार्रवाई करते हुए टीम ने लक्की कॉलोनी निवासी महिला को गिरफ्तार किया है। अदालत के आदेश से आरोपी महिला को पांच दिन के रिमांड पर लिया है।