पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग ने कहा कि कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए सभी विभाग जिम्मेदारी से काम कर रहे है। इस काम में जनता को भी सहयोग करना होगा। जनता के सहयोग से कोरोना का संक्रमण रोकने में पूर्ण सफलता मिल सकती है। सभी को मिलकर कोरोना बचाव के नियम अपनाकर अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी से पालन करना होगा। सुरक्षित हरियाणा अभियान के नियम की अवहेलना करने वालों पर पुलिस द्वारा कानूनी कार्रवाई भी जा रही है। 22 मई को पुलिस ने बगैर मास्क लगाए सड़कों पर घूम रहे 60 लोगों के चालान किए। इसके अलावा लॉकडाउन व आपदा प्रबंधन के नियमों की उल्लंघना करने का एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करके गिरफ्तार किया गया। हुडा चौकी शाहाबाद पुलिस ने तरसेम वासी मदनपुर को लॉकडाउन व आपदा प्रबंधन अधिनियम के नियमों की उल्लंघना करके दयालपुर पुल के पास से अवैध रूप से शराब बेचने के आरोप में काबू करके उसके कब्जे से छह बोतल ठेका शराब देसी बरामद की। मौके पर आरोपी पकड़ी गई शराब का कोई भी लाइसेंस व परमिट पेश नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना शाहाबाद में लॉकडाउन व आपदा प्रबंधन अधिनियम के नियमों की उल्लंघना करने व आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया।