संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। प्रदेश में जमीन की फर्द तैयार करने के लिए नया सॉफ्टवेयर लिया गया है। इसके माध्यम से किसानों को अपनी जमीन की फर्द लेने के लिए पटवारखानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इस सॉफ्टवेयर के माध्यम से निकाली गई फर्द यानी जमाबंदी पर क्यूआर कोड अंकित होगा। इस कारण इस फर्द को वेरीफाई डॉक्यूमेंट माना जाएगा।
हरियाणा सरकार ने यह सॉफ्टवेयर केंद्र सरकार से खरीदा है। यह जानकारी विधायक सुभाष सुधा ने दी। उन्होंने पत्रकारोें को बताया कि इस सॉफ्टवेयर से निकाली गई जमाबंदी से किसान ऋण भी ले सकेंगे। इस पर पटवारी से हस्ताक्षर कराने की भी जरूरत नहीं होगी। वहीं बीपीएल कार्ड बनवाने के लिए लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
आगामी एक जनवरी से एक लाख 80 हजार रुपये सालाना से कम आय वाले परिवारों की सत्यापन आय के आधार पर बीपीएल कार्ड अपने आप ही बन जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने टेक्नोलॉजी की मदद से न केवल भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया है बल्कि ऐसी व्यवस्था तैयार की है कि अब लोगों को घर बैठे ही सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है।