कुरुक्षेत्र। धर्मनगरी शुक्रवार को जो बोले सो निहाल सत श्री अकाल के जयकारे से गूंज उठी। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब व हरियाणा भर से हजारों की संख्या में पहुंची संगत ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज के समक्ष शीश नवाया। मौका था श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी महाराज के प्रकाश उत्सव का, जिसके चलते भव्य नगर कीर्तन निकाला गया, जिसका जगह-जगह स्वागत किया गया। पारपंरिक वेशभूषा में पंज प्यारों की अगुवाई में सजाए गए नगर कीर्तन के आगे संगत ने जल छिड़काव भी किया।
इससे पहले संत महापुरुष बाबा कश्मीर सिंह भूरी साहिब वाले, संत बाबा महेश मुनि जी, हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी की कनिष्ठ उपप्रधान बीबी रविंदर कौर अजराना, प्रवक्ता कंवलजीत सिंह अजराना, सदस्य बीबी राणा कौर भट्टी, साहब सिंह चक्कू, मुख्य सचिव जसविंदर सिंह दीनपुर, अतिरिक्त सचिव राजपाल सिंह दुनियामाजरा, सतपाल सिंह ढाचर, उप सचिव अमरिंदर सिंह, यात्रा विभाग प्रभारी हरकीरत सिंह, प्रबंधक हरमीत सिंह सहित बड़ी संख्या में संगत ने गुरुद्वारा साहिब में श्री दरबार साहिब में हाजिरी भरी।
अजराना ने संगत से आह्वान किया कि सभी एकजुट होकर सेवा भाव से गुरु घर के लिए सहयोग करें। अपने बच्चों को नितनेम से जोड़ने के साथ-साथ ऐतिहासिक दिनों के इतिहास की पूरी जानकारी दें। उन्होंने कहा कि हम सब को अपने बच्चों को ऐतिहासिक स्थालों के दर्शन भी करवाने चाहिए। बच्चों को दस्तार एवं गुरबाणी के महत्व से अवगत करवाना चाहिए।
ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब छठी पातशाही से जैसे ही श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज की छत्रछाया और पंज प्यारों की अगुवाई में महान नगर कीर्तन आरंभ हुआ, तो नतमस्तक होने के लिए संगत का हजूम उमड़ पड़ा। विभिन्न स्थानों पर ठंडे पानी, जलजीरा, कुल्फी और अन्य खाद्य पदार्थों के स्टाल लगाकर सेवा की। यह नगर कीर्तन रेलवे रोड, पोस्ट ऑफिस, कुटिया वाली गली, गुलजारी लाल नंदा मार्ग, थानेसर बस स्टैंड, आंबेडकर चौक, सीकरी चौक, शास्त्री मार्केट, बिडला मंदिर से होकर गुरुद्वारा साहिब में संपन्न हुआ। समापन अवसर पर संगत ने रंग बिरंगी आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया। यातायात प्रबंध का मोर्चा स्वयं हरियाणा कमेटी के कर्मचारियों ने संभाले रखा। नगर कीर्तन के साथ-साथ पूरे यातायात को सुचारु ढंग से चलाने और पंक्तिबद्ध संगत को लेकर चलने के लिए एचएसजीएमसी की टीम ने देर सायं तक यातायात की बागडोर संभाल कर रखी।
बखूबी अपना कार्य कर रही हरियाणा कमेटी : बीबी रविंदर कौर
हरियाणा कमेटी की कनिष्ठ उप प्रधान बीबी रविंदर कौर अजराना ने कहा कि कमेटी अपना कार्य बखूबी कर रही है। प्रधान जत्थेदार भूपिंदर सिंह असंध की अगुवाई में हरियाणा कमेटी द्वारा बेहतरीन ढंग से श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी का प्रकाश उत्सव मनाया जा रहा है।