संवाद न्यूज एजेंसी
पिपली। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से श्री अकाल तख्त साहिब अमृतसर से आरंभ हुआ नगर कीर्तन शुक्रवार को नेशनल हाईवे पिपली पहुंचा, जहां कंवलजीत सिंह अजराना के नेतृत्व में संगत की ओर से जोरदार स्वागत किया गया। विधायक सुभाष सुधा ने भी सिखों के इतिहास को स्वर्णिम बताते हुए गुरुओं की शिक्षाओं पर चलने का आह्वान किया।
कंवलजीत सिंह अजराना ने बताया कि जत्थेदार जस्सा सिंह रामगढि़या के 300 साला जन्मदिवस को समर्पित, जत्थेदार बाबा बघेल सिंह, जत्थेदार जस्सा सिंह अहलूवालिया, जत्थेदार जस्सा सिंह रामगढि़या, जत्थेदार तारा सिंह घेबा, जत्थेदार महासिंह शुक्रचकिया की अगुवाई तले सिखों द्वारा दिल्ली फतेह करने की याद में दिल्ली फतेह दिवस के मौके पर श्री गुरु ग्रंथ साहिब की छत्रछाया एवं पंज प्यारों की अगुवाई में आयोजित नगर कीर्तन शाहाबाद से होता हुआ पिपली हाईवे पर पहुंचा। इससे पहले श्री अकाल तख्त साहिब अमृतसर से नगर कीर्तन की शुरुआत हुई थी। नगर कीर्तन में पंज प्यारे, पांच निशानची और पालकी में गुरु ग्रंथ साहिब जी विराजमान हैं। समूह संगत ने गुरु ग्रंथ साहब के समक्ष माथा टेक कर प्रसाद ग्रहण किया। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान हरमीत सिंह कालका एवं महासचिव जगदीप सिंह काहलों ने सभी सिख संगत को नगर कीर्तन की बधाई दी। नगर कीर्तन यहां से तरावड़ी, करनाल, पानीपत, जीटी रोड बेल्ट से होता हुआ मजनू का टीला गुरुद्वारा में पहुंचेगा।