कुरुक्षेत्र। 34वें क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का समापन गीता निकेतन आवासीय विद्यालय में शनिवार को हुआ। तीन दिनों तक चली इस खेलकूद प्रतियोगिताओं विद्याभारती से संबंध रखने वाले स्कूलों के विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपना दमखम दिखाया।
समापन समारोह में एशियाई खेल में एयर राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में कांस्य पदक विजेता रमिता जिंदल ने कहा कि हमें केवल जीत से ही बल नहीं मिलता, बल्कि हार से भी कुछ ना कुछ सीखने को मिलता है। इसलिए हमें हर मौके को अवसर में बदलकर अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए कठिन परिश्रम करना चाहिए।
मुख्य वक्ता सुरेंद्र अत्री ने कहा कि विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान पूरे देश में 23 हजार विद्यालयों का संचालन करती है, जिनमें से 10 हजार विद्यालय समाज सेवा हेतु निशुल्क रूप से चलाए जा रहे हैं। विद्यालयों में पंचकोशीय शिक्षण के माध्यम से छात्रों के सर्वांगीण विकास पर बल दिया जाता है। विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. घनश्याम शर्मा ने कहा कि खेलों से सहयोग, भाईचारे की भावना, एकाग्रता तथा अनुशासन में रहना आदि गुणों का विकास होता है।
विद्यालय प्राचार्य नारायण सिंह ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर बालकिशन, ज्ञान सिंह, रमेश बमोत्रा, पवन गुप्ता, रमेश गुलाटी, यशपाल वधवा, सोमदत्त शर्मा, शिवदत्त शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।