पिहोवा। पिहोवा विधानसभा (विस) क्षेत्र में सुबह सात से शाम छह बजे तक 65.20 फीसदी मतदान हुआ। हालांकि साल 2019 के विस चुनाव में यहां 70.18 फीसदी मतदान हुआ था। युवा और बुजुर्ग मतदाता वोट डालने के लिए लालायित दिखे। सुबह गांधी नगर में बने बूथ- 148 पर ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण करीब 20 मिनट मतदान प्रभावित रहा।
कराह साहिब गांव में 107 वर्षीय लाजवंती देवी अपने मत का इस्तेमाल कर अन्य मतदाताओं को मत के प्रति जागरूक किया। इसके अलावा पिहोवा निवासी 105 वर्षीय नराती देवी ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पिहोवा में बने बूथ-135 पर अपने मत का इस्तेमाल किया तो ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी अपने-आप को रोक नहीं पाए और बुजुर्ग महिला के साथ सेल्फी ली। उन्होंने नराती देवी के साथ फोटाे भी खिंचवाई।
चुनाव आयोग की तरफ से दिव्यांग व बुजुर्ग मतदाताओं की सहायता के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मतदाताओं को उनके वोट की जानकारी देने के लिए बीएलओ बैठाए गए थे ताकि मतदाताओं को उनकी वोट ढूंढने में कोई दिक्कत न हो। मतदाताओं व ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को जरूरत पडने पर मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी बना रखी थी। बूथ-135 पर मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए गुब्बारे और रंगाेली बनाकर सजाया गया था। साथ ही मतदाताओं के लिए सेल्फी प्वाइंट बनाया गया था।
उधर, कांग्रेस प्रत्याशी मनदीप चट्ठा ने अमृतसरी फार्म में बूथ नंबर 150 पर मतदान किया, जबकि भाजपा प्रत्याशी जयभगवान शर्मा डीडी ने सरस्वती मंदिर और बड़ा शिवालय में अपनी जीत के लिए माथा टेका। इन दोनों समेत अन्य प्रत्याशियों ने भी विस क्षेत्र के विभिन्न बूथों का जायजा लिया। मतदान केंद्र से लेकर राजनैतिक दलों के शिविर, दुकानों, चौक-चौराहे और चौपाल पर समर्थक अपने-अपने दल व प्रत्याशी की जीता दावा ठोकते दिखे। वहीं मतदान कर चुके मतदाता अन्य लोगों को भी वोट डालने के लिए प्रेरित करते रहे।
बाक्स
पिहोवा विस क्षेत्र में हुई घटनाएं
-मुर्तजापुर गांव में भाजपा समर्थक द्वारा किसी अन्य के स्थान पर वोट डालने के मामले में हल्की झड़प के बाद स्थिति सामान्य हुई। हालांकि इस दौरान कुछ देर तक मतदान भी प्रभावित हुआ।
-तलहेड़ी गांव में भाजपा के समर्थक मतदान केंद्र में गए तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका विरोध किया। इस कारण कुछ देर तक स्थिति असामान्य हो गई थी।
-अरुणाय गांव में एक पार्टी के प्रत्याशी पर बीएलओ के साथ धक्का-मुक्की करने का आरोप लगा। गांव के एक कांग्रेस समर्थक ने प्रत्याशी पर दादागिरी करने का आरोप भी लगाया।
-टिकरी गांव में भाजपा समर्थक पूर्व सरपंच ने मौजूदा सरपंच पर किसी न किसी बहाने से मतदान केंद्र में बार-बार जाने का आरोप लगाया, मगर करनाल से मतदान करने आए मतदान ने इसका खंडन किया। साथ ही मतदान केंद्र पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने भी इस बात से इनकार कर दिया।
-पिहोवा विस के खंड इस्माइलाबाद में एक स्कूल में बने बूथ पर एक 15 साल का बच्चा वोट डालता की कोशिश करते हुए पकड़ा गया। पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया।
-सोशल मीडिया पर भाजपा को समर्थन की अफवाह का संयुक्त संघर्ष पार्टी के पिहोवा विस क्षेत्र से प्रत्याशी एवं भाकियू अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने खंडन किया। उन्होंने वीडियो जारी कर इसे उनके खिलाफ साजिश बताया। साथ ही अफवाह फैलाने वाले के खिलाफ प्रशासन व चुनाव आयोग से कार्रवाई की गुहार लगाई।