इस्माईलाबाद। गांव मलिकपुर में पेयजल आपूर्ति की किल्लत को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट गया और मंगलवार देर रात्रि नेशनल हाईवे 152 पर जाम लगा कर संबंधित विभाग व सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जाम की सूचना थाना प्रभारी विक्रांत सिंह मौके पर पहुंचे और मामले के बारे में एसडीएम अमन कुमार को अवगत करवाया। एसडीएम अमन कुमार ने तुरंत प्रभाव से पब्लिक हेल्थ व सरपंच मलिकपुर को तुरंत पेयजल आपूर्ति को दुरुस्त करने के आदेश जारी किए।
ग्राम मलिकपुर वासी हरवंश, राजेश, अमन कुमार शर्मा, मोंटी, दीपक, मशहुरा सिंह ने बताया कि पिछले तीन दिन से गांव में पेयजल सप्लाई देने वाले सबमर्सीबल की मोटर खराब पड़ी है। लेकिन पेयजल के ऑपरेटर की लापरवाही के चलते पूरे गांव को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में पेयजल सप्लाई प्रभावित होने से पीने के पानी के लिए भी ग्रामीणों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा था। पिछले तीन दिनों से विभाग केवल आश्वासन दे रहा था, जिससे मंगलवार देर रात्रि ग्रामीणों के सब्र का बांध टूट गया और ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर जाम लगा कर नारेबाजी शुरू कर दी। जिससे प्रशासन हरकत में आया और एसडीएम द्वारा फोन पर दिए आश्वासन के बाद ही ग्रामीणों ने जाम को खोल दिया। जिसके बाद यातायात शुरू होने से राहगीरों ने राहत की सांस ली।
ऑपरेटर को ड्यूटी से हटाने के आदेश जारी : एसडीएम
एसडीएम अमन कुमार ने कहा कि मलिकपुर में पेयजल सप्लाई की किल्लत का मामला मंगलवार देर रात्रि उनके संज्ञान में आया था। विभाग को सुबह पांच बजे मोटर डालकर पेयजल आपूर्ति शुरू करने के आदेश जारी कर दिए थे। लोगों ने ऑपरेटर पर लापरवाही करने के आरोप लगाए थे। जिसके बाद उसे ड्यूटी से हटाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।