कुरुक्षेत्र। गांव खेड़ी मारकंडा में शराब का ठेका खुलते ही ग्रामीण विरोध में उतर आए और वीरवार को जमकर रोष जताया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची तो लोगों को समझाकर शांत किया।
ग्रामीणों ने बताया कि यहां सरस्वती नदी के समीप शराब का ठेका खोला गया है जबकि ग्राम पंचायत ने तीन साल से ठेका न खोले जाने को लेकर प्रशासन को पत्र दिया हुआ है। ठेका खुला तो यहां माहौल खराब होगा और महिलाओं का निकलना तक दूभर हो जाएगा। ग्रामीणों के विरोध का पता चलते ही डॉयल 112 की टीम भी पहुंची तो ग्रामीणों को समझाया। वहीं मौके पर ही ठेकेदार भी पहुंचा तो उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से सभी शर्तें व नियम पूरे करने पर ही उन्होंने यहां ठेका खोला है। उनके पास पूरे दस्तावेज है। वे यह भी भरोसा देते हैं कि यहां माहौल खराब नहीं होने दिया जाएगा। वहीं ग्रामीणों ने कहा कि वे इस मामले को लेकर अधिकारियों से मुलाकात करेंगे, ताकि ठेका यहां से हटाया जा सके।