कुरुक्षेत्र/शाहाबाद। मार्केट फीस में की जा रही बढ़ोतरी के चलते जिले की सब्जी मंडियों में बुधवार को हड़ताल रही, जिसके चलते सब्जी मंडी में सब्जी लेने पहुंचे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मार्केट फीस बढ़ाने को लेकर सब्जी व्यापारियों ने दिनभर हड़ताल पर रहकर रोष जताया, जिसके चलते दिनभर सब्जी मंडी में सन्नाटा पसरा रहा। सब्जी मंडी के गेटाें पर व्यापारियों की ओर से ताले लगाए गए थे।
जिले में सब्जी मंडियों के बंद रहने से करीब 40 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। हड़ताल के चलते मंडी में काम करने वाले मजदूरों को भी दिक्कतों से जूझना पड़ा। हड़ताल होने से मंडियां बंद रहीं, जिससे मजदूरों को काम न मिल सका, खाली हाथ ही घर की लौटना पड़ा। हालांकि शहर में पुरानी सब्जी मंडी में दुकानें खुली रहीं और सब्जियों को दामों में चार गुना बढ़ोतरी देखने को मिली, जिसके चलते सब्जी खरीदने आए ग्राहकों की जेब पर भी असर पड़ा।
वहीं मार्केट फीस बढ़ाने के चले शाहाबाद सब्जी मंडी के व्यापारी भी दिनभर हड़ताल पर रहे। सब्जी मंडी एसोसिएशन के प्रधान काला आहूजा के नेतृत्व में सब्जी मंडी के आढ़तियों ने सभी दुकानें बंद रखीं और सब्जी मंडी के गेट के बाहर सड़क पर टेंट लगाकर सरकार के खिलाफ रोष व्यक्त किया। मार्केट फीस में बढ़ोतरी को लेकर सब्जी मंडी के आढ़ती दिनभर नारेबाजी कर रोष जताते रहे। इस मौके पर दया सिंह गाबा, राजू आहूजा, आत्मजीत सिंह, गुरदीप सिंह, स्वर्ण सिंह गाबा, बाज सिंह, अशोक कुमार, राजेंद्र सिंह, सुखदेव सिंह, अजीत सिंह, कृष्ण लाल, पवन आहूजा, राज कुमार, देवेंद्र गोस्वामी, सुमित कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।
मार्केट फीस पर लगनी चाहिए रोक : काला आहूजा
सब्जी मंडी एसोसिएशन के प्रधान काला आहूजा ने बताया कि 2004 से 2014 तक कांग्रेस सरकार ने मार्केट फीस के नाम पर कोई पैसा नहीं लिया। वहीं 2014 से 2020 तक भाजपा ने भी किसी तरह की मार्केट फीस नहीं ली, लेकिन 2020 में कोरोना काल में भाजपा सरकार ने दो प्रतिशत मार्केट फीस यह कहकर लगाई कि कोरोना के बाद इसे खत्म कर दिया जाएगा, लेकिन इसे खत्म करने की बजाय बढ़ाया जा रहा है। प्रदेश सरकार को इस ओर ध्यान देना चाहिए। इस पर रोक लगनी चाहिए।
जिले में हर रोज 40 लाख की आमदनी : राकेश कुमार
सब्जी व्यापारी राकेश कुमार ने बताया कि हड़ताल के चलते जिले भर में हर रोज 40 लाख रुपये के करीब आमदनी होती है। हड़ताल के चलते थानेसर सब्जी मंडी में सभी दुकानें बंद रही। प्रदेश सरकार की ओर से बढ़ाई गई मार्केट फीस पर रोक लगानी चाहिए। इसके कारण व्यापारियों को काफी नुकसान उठाना पड़ेगा।
कुरुक्षेत्र। हड़ताल होने के चलते सुनसान पड़ी सब्जी मंडी। संवाद
कुरुक्षेत्र। हड़ताल होने के चलते सुनसान पड़ी सब्जी मंडी। संवाद
कुरुक्षेत्र। हड़ताल होने के चलते सुनसान पड़ी सब्जी मंडी। संवाद