संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। गोशाला में गोवंश को जहर देकर मारने के मामले में शामिल दूसरे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी अजय वासी डेहा कॉलोनी बराड़ा (अंबाला) को अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया है। आरोपी खाल बेचने के लिए गोवंश को जहर देता था। गोशाला से मिली सीसीटीवी फुटेज से मामले का खुलासा हुआ था। पुलिस एक आरोपी चांद वासी डेहा कॉलोनी शाहाबाद को गिरफ्तार करके जेल भेजी चुकी है।
थाना सदर थानेसर पुलिस को दी शिकायत में दो दिसंबर 2021 को जितेंद्र शर्मा वासी शास्त्री नगर नजदीक रेलवे स्टेशन ने बताया था कि वह कुरुक्षेत्र गोशाला एसोसिएशन और श्री गौवंश चिकित्सालय जीटी रोड पिपली का प्रधान है। गौशाला की देखरेख की सारी जिम्मेदारी उस पर है। पिछले कुछ महीनों से श्री गोवंश चिकित्सालय पिपली रकबा वजीदपुर में गोवंश की मौत हो रही थी। इसे लेकर चिकित्सकों से भीसंपर्क किया जा रहा था, मगर गोवंश की मौत के कारणों का पता नहीं चल पा रहा था। इस पर गोशाला में कई जगह पर गुप्त कैमरे भी लगाए गए थे।
उन्होंने 17 फरवरी को सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें सामने आया कि मृत गोवंश को उठाने वाले अजय व चांद पिकअप गाड़ी में आए थे। वह दोनों बाड़े के अंदर आए और अंदर आकर अजय ने अपनी जेब से कोई पदार्थ निकालकर एक गाय को खिला दिया था। उसके बाद उसने अपने हाथ गाय की प्याऊ में धो लिए थे। उस समय चांद भी उसके पास खड़ा यह सब देख रहा था। उसके दो-तीन घंटे के बाद उस गाय की मृत्यु हो गई थी।
मामला सामने आने के बाद पुलिस को शिकायत दी गई थी। शिकायत पर मामला दर्ज करके जांच करते हुए नौ जनवरी 2022 को पुलिस ने आरोपी चांद को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह हड्डी का धंधा करता है। वह मृत गायों की खाल को बेचने के लिए जहर दे दिया करता था। वह मृत गाय को अपनी गाड़ी में अपने साथी अजय के साथ उठा कर ले जाया करता था। आरोपी को अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया था। इस मामले की आगामी जांच करते हुए पुलिस ने दूसरे आरोपी अजय को गिरफ्तार किया।