कुरुक्षेत्र। कॉलेजों में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया तीन जून से शुरू हो चुकी है, जिसमें जिलेभर के 14 कॉलेजों में करीब नौ हजार से अधिक सीटों पर दाखिले के लिए आवेदन हो रहे हैं। दाखिले के लिए आवेदन शुरू हुए करीब 15 दिन बीत चुके हैं लेकिन भीषण गर्मी और छुट्टियों के चलते कॉलेज प्रबंधन दाखिलों को लेकर ज्यादा व्यवस्थाएं नहीं कर पाया है। अधिकतर कॉलेजों में आवेदन फार्म भरने की सुविधा प्रदान की जा रही है तो वहीं कई कॉलेज केवल हेल्प डेस्क लगाने तक ही सीमित हैं, जबकि विभाग द्वारा ऑनलाइन आवेदन फार्म भरने को लेकर कॉलेज परिसर में व्यवस्था करने को लेकर कहा गया है, लेकिन अधिकतर विद्यार्थियों को कैफे और अन्य फार्म भरने वाली दुकानों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
विभाग का पोर्टल भी धीमी गति से चल रहा है, जिससे विद्यार्थियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। ऐसे में फार्म भरने में भी ज्यादा समय लग रहा है। एक दस्तावेज को अपलोड करने के बाद दूसरा करने पर काफी समय इंतजार करना पड़ रहा है। ऐसे में जब विद्यार्थी कॉलेज जाते हैं तो वहां से केवल विषय संयोजन और पाठ्यक्रम की जानकारी लेकर ही लौटते हैं। दाखिले के लिए पंजीकरण के लिए फार्म भरने के लिए दुकानों पर जाना पड़ रहा है। जिलेभर के कॉलेजों में स्नातक की दाखिला प्रक्रिया तीन जून से चल रही है, जिसके चलते विद्यार्थियों में दाखिले की दौड़ लगी हुई है। भीषण गर्मी में भी विद्यार्थी दाखिले के लिए आवेदन करने के लिए जरूरी दस्तावेजों को पूरा करने में जुटे हुए हैं। 25 जून तक ऑनलाइन फार्म भर सकते हैं।
जिले के 14 कॉलेजों में कहां कितनी सीटें
कॉलेज-सीटें
इंस्टीट्यूट ऑफ इंटीग्रेटेड एंड ऑनर्स स्टडीज -1200 से अधिक
भगवान परशुराम कॉलेज- 1080
डीएवी कॉलेज पिहोवा - 960
राजकीय कॉलेज भेरियां, पिहोवा-480
सेठ नवरंग राय लोहिया जयराम कन्या कॉलेज लोहार माजरा - 500
राजकीय कॉलेज चम्मू कलां -240
दयानंद कॉलेज थानेसर -950
इशरजोत डिग्री कॉलेज -336
मारकंडा नेशनल कॉलेज शाहाबाद-580
आर्य कन्या महाविद्यालय शाहाबाद -830
राजकीय कन्या कॉलेज पलवल -860
द्रोणाचार्य डिग्री कॉलेज कुरुक्षेत्र - 420
मनीष पपनेजा मेमोरियल एसडी गर्ल्स कॉलेज इस्माईलाबाद - 215
इंदिरा गांधी नेशनल कॉलेज लाडवा -745
ऐसे चलेगी दाखिला प्रक्रिया : डॉ. नीरज वशिष्ठ
भगवान परशुराम कॉलेज के दाखिला समन्वयक डॉ. नीरज वशिष्ठ ने बताया कि 25 जून तक विद्यार्थी दाखिले के लिए पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे, जिसके बाद 26 जून तक आवेदन फार्म में संशोधन करने का समय दिया जाएगा। 28 जून तक कॉलेजों द्वारा ऑनलाइन दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा, जिसके बाद दो से 31 जुलाई तक तीन चरणों में काउंसिलिंग होगी।