कुरुक्षेत्र। राजकीय पॉलिटेक्निक उमरी में दाखिले के लिए आवेदन करने की अधिसूचना संशोधित कर दी गई है। 10 वीं कक्षा के बाद तीन वर्षीय डिप्लोमा इंजीनियरिंग करने के इच्छुक विद्यार्थी अब 24 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जबकि पहले इसकी अंतिम तिथि 17 जून थी। अब विद्यार्थियों को आवेदन के लिए सात दिन का समय ओर मिल गया है।
जानकारी के अनुसार 12 वीं के बाद दो वर्षीय डिप्लोमा के लिए 18 जून मंगलवार को अंतिम तिथि है। इसमें आवेदन के लिए कोई बदलाव नहीं किया गया है। विद्यार्थियों को दाखिले के लिए तकनीकी शिक्षा विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा, जिसके बाद मेरिट के आधार पर दाखिला होगा। राजकीय पॉलिटेक्निक उमरी में 390 सीटों पर दाखिला शुरु हो चुके हैं, जिसमें 17 जून तक अभ्यार्थी ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। प्राचार्य जोगिंद्र सिंह ने बताया कि विद्यार्थी अलग-अलग कोर्स में 390 सीटों पर आवेदन कर सकते हैं। आर्किटेक्चर असिस्टेंटशिप में 30, सिविल इंजीनियरिंग में 60, कंप्यूटर इंजीनियरिंग में 60, इंस्ट्रूमेंटेशन एंड कंट्रोल इंजीनियरिंग में 60, मैकेनिकल इंजीनियरिंग में 60, मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी में 60 और इलेक्ट्रानिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में 60 सीटों पर विद्यार्थी दाखिले के लिए आवेदन कर सकते हैं।
एक हजार रुपये फीस करानी होगी जमा : प्राचार्य जोगिंद्र
प्राचार्य जोगिंद्र सिंह ने बताया कि 10वीं पास विद्यार्थी अब 24 जून तक दाखिले के लिए आवेदन कर सकते हैं। जिन विद्यार्थियों की ऑनलाइन फीस जमा होगी, उन विद्यार्थियों के ही दस्तावेज सत्यापित किए जाएंगे। उसी के आधार पर मेरिट बनाकर दाखिले होंगे। सामान्य श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए एक हजार रुपये और आरक्षित के लिए सात सौ रुपये दाखिला फीस रखी गई है। विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकता है। लेकिन संस्थान में भी जानकारी देने के लिए डेस्क लगाया गया है, जिसमें विद्यार्थी आकर दाखिले से संबंघित जानकारी ले सकते हैं। छात्राओं के लिए 25 प्रतिशत सीटें आरक्षित की गई हैं और 15 प्रतिशत मेरिट सूची के विद्यार्थियों को मेरिट स्कॉलरशिप दी जा रही है। वहीं एससी, बीसी विद्यार्थियों को पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप तथा छात्राओं की ट्यूशन फीस और फ्री बस सुविधा मुहैया कराई जा रही है। 12वीं और आईटीआई के बाद इन कोर्सों में दाखिला लेने वाले विद्यार्थी के लिए ये कोर्स दो साल का और 10वीं के बाद ये कोर्स विद्यार्थी तीन साल का कर सकते हैं।
ये है पॉलिटेक्निक का संशोधित शेड्यूल
तीन वर्षीय डिप्लोमा में विद्यार्थी 24 जून तक आवेदन और फीस जमा कर सकते हैं, जिसके बाद 25 जून तक दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा। 27 जून को शाम पांच बजे मेरिट सूची जारी की जाएगी। दो वर्षीय लेट्रल एंट्री डिप्लोमा के विद्यार्थी मंगलवार 18 जून तक दाखिले के लिए आवेदन और फीस जमा कर सकते हैं, जिसके बाद 19 जून तक दस्तावेज सत्यापन होगा। 21 जून को मेरिट सूची जारी की जाएगी। मेरिट सूची जारी होने के बाद वेबसाइट पर दी हुई तिथियों के अनुसार दो बार ऑनलाइन काउंसलिंग से दाखिले किए जाएंगे। इसके बाद रिक्त सीटों पर मैन्युअल काउंसलिंग से संस्थान स्तर पर प्रवेश दिए जाएंगे। सभी प्रकार के प्रवेश की अंतिम तिथि 15 सितंबर तय की गई है जबकि एक अगस्त से नए सत्र की कक्षाएं शुरु होंगी।