संवाद न्यूज़ एजेंसी
कुरुक्षेत्र। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज बुधवार को धर्म नगरी पहुंचेंगे। जहां वे पिहोवा विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे। राजनाथ सिंह पिहोवा अनाज मंडी में रैली को संबोधित करेंगे जिस दौरान राजपूत व अन्य समुदाय के मतदाताओं को साधने का प्रयास करेंगे। बता दें कि पिहोवा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के बड़े केंद्रीय मंत्री का यह पहला दौरा है जबकि थानेसर लाडवा वह शाहाबाद में केंद्रीय मंत्री दौरा कर चुके हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 सितंबर को थानेसर में रैली को संबोधित किया था तो वही केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी भी 27 सितंबर को जनसभा संबोधित करने पहुंचे थे। उन्होंने थानेसर के साथ-साथ लाडवा विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को भी संबोधित किया था। यही नहीं 29 सितंबर को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी लाडवा विधानसभा क्षेत्र में रैली को संबोधित किया था तो वही केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल व रामदास अठावले भी जनसभा को संबोधित कर चुके हैं। विधानसभा चुनाव के अंतिम दिनों में भाजपा ने प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंकी हुई है और इसी के चलते ही केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार को पिहोवा पहुंच रहे हैं।